काशीपुर,17 मार्च (आरएनएस)। गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने गन्ना पेराई के अनुरूप स्पष्ट कार्य योजना तैयार कर गन्ना पेराई का शत प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। मंगलवार को आगामी पेराई सत्र के दृष्टिगत गन्ना सर्वेक्षण, विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा के उद्देश्य से गन्ना एवं चीनी आयुक्त कार्यालय के सभागार में एक बैठक हुई। बैठक में गन्ना एवं चीनी आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने गन्ना पेराई के अनुरूप स्पष्ट कार्य योजना तैयार करने और गन्ना मूल्य एवं गन्ना विकास अंशदान का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर समितियों को किए जाने के निर्देश दिए। आयुक्त की ओर से गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने के लिए गन्ना विभाग के सभी फील्ड स्तरीय कार्मिकों, अधिकारियों और चीनी मिलों को विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। जिससे पेराई सत्र 2026-27 में चीनी मिलों को उनकी क्षमता के अनुरूप पर्याप्त गन्ने की आपूर्ति की जा सके। चीनी मिलों को दी गई मांग के सापेक्ष गन्ने की आपूर्ति की समीक्षा की गई और मांग के अनुरूप कम गन्ना आपूर्ति पर रोष व्यक्त किया।बैठक में वर्ष 2025-26 के अंतर्गत क्रय केंद्रों के निरीक्षण के लिए निर्धारित लक्ष्यों के निरीक्षणों की समीक्षा भी गई। गन्ना बुवाई के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति और गन्ना बीज वितरण की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त मुख्यालय आशीष नेगी, सहायक आयुक्त हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिव, चीनी मिलों के प्रतिनिधि रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

