देहरादून,17 मार्च (आरएनएस)। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर 13 फरवरी को हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार कातिल दून पुलिस और एसटीएफ के लिए बड़ी सिरदर्द बन गए हैं। पुलिस की पकड़ से दूर इन छह फरार आरोपियों पर अब आईजी रेंज कार्यालय की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है। वहीं, इन शातिर अपराधियों पर कानूनी शिकंजा और कसने के लिए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये करने की फाइल पुलिस मुख्यालय को भेज दी है। मुख्यालय से मुहर लगते ही ये सभी एक-एक लाख के वांटेड हो जाएंगे। झारखंड के हिस्ट्रीशीटर विक्रम की दून में हत्या के बाद से ही दून पुलिस और एसटीएफ की टीमें झारखंड में डेरा डाले हुए हैं। पुलिस को उम्मीद थी कि शूटर जल्द हत्थे चढ़ जाएंगे, लेकिन अपराधियों का लोकल नेटवर्क इतना मजबूत है कि वे पुलिस को हर कदम पर गच्चा दे रहे हैं। पुलिस एक ठिकाने पर दबिश देती है, तो कातिल पहले ही दूसरे राज्य या नक्सल प्रभावित इलाकों में खिसक जाते हैं। पहले इन छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम था और कोर्ट से गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका है।इन पर हैं 50-50 हजार इनाम- शूटर आशुतोष सिंह पुत्र उपेंद्र सिंह निवासी आरपी पटेल स्कूल रोड, जुगसलाई, जमशेदपुर।- शूटर विशाल सिंह पुत्र सुभाष सिंह निवासी गाराबासा बागबेड़ा, जमशेदपुर।- जिम में विक्रम की रेकी करने वाला अंकित वर्मा पुत्र अरूण वर्मा निवासी थाना रोड टंगरा टोली, जमशेदपुर।- रेलवे ठेकेदार यशराज पुत्र राजकुमार निवासी गाराबासर थाना बागखेड़ा, जमशेदपुर।- हरिद्वार दुपहिया दिलाने वाला आकाश कुमार प्रसाद पुत्र अरूण प्रसाद निवासी बजरंग टेकरी, बागबेरा, जमशेदपुर।- वारदात प्रयुक्त बाइक मालिक जितेंद्र कुमार साहु पुत्र मुन्ना साहु निवासी पूर्वी सिंहभूम जिला जमशेदपुर।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

