देहरादून,17 मार्च (आरएनएस)। राजधानी देहरादून की बदहाल सड़कों और जगह-जगह हुए गड्ढों के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के ईई से मिलकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। पूर्व विधायक राजकुमार के नेतृत्व में मिले कांग्रेसियों ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कें तो खोद दी गई हैं, लेकिन न तो उन पर ‘पैच वर्क’ हुआ और न ही उन्हें ठीक किया गया। डालनवाला, बलबीर रोड, ईसी रोड और वेलहम स्कूल के आसपास सड़कें महीनों से खुदी पड़ी हैं। स्थिति इतनी भयावह है कि खुडबुडा, धामावाला, रेसकोर्स और कांवली रोड जैसे आंतरिक मोहल्लों में बुजुर्गों और स्कूली बच्चों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। आर्यनगर और डीएल रोड पर आधी-अधूरी टाइलें बिछाने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, वीरेंद्र बिष्ट, सुनील उनियाल, वीरेंद्र चौहान, मुकेश सोनकर, राजेंद्र खन्ना, जहांगीर खान, अशोक शर्मा, सुरेश परचा, सोम वाल्मीकि, नितिन चंचल और दीपा चौहान आदि ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़कों को गड्ढा मुक्त नहीं किया गया, तो वे जनता के साथ उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे।

