देहरादून,17 मार्च (आरएनएस)। आगामी श्री बालाजी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अयोध्या स्थित राम लला मंदिर से लाई गई पवित्र अखंड ज्योति मंगलवार को देहरादून पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने इसका भव्य स्वागत किया। यह ज्योति श्री पृथ्वीनाथ मंदिर में विधिवत स्थापित की गई। कार्यक्रम परम पूज्य रवींद्र पुरी जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। यह पवित्र ज्योति लगभग 25 घंटे की यात्रा के बाद देहरादून पहुंची। निर्धारित समय से करीब तीन घंटे देरी से पहुंचने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ।सबसे पहले ज्योति को गांधी रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद सजी-धजी वाहन में ज्योति को विराजमान कर ढोल-नगाड़ों, ध्वज और भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर “जय श्री राम” के जयघोष लगाए।शोभायात्रा गांधी रोड, आढ़त बाजार और सहारनपुर चौक से होते हुए श्री पृथ्वीनाथ मंदिर पहुंची, जहां आचार्य भारत भूषण भट्ट ने विधि-विधान से पूजन एवं सामूहिक आरती कराई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शीतल पेय, आइसक्रीम आदि का वितरण किया गया और भव्य आतिशबाजी ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। यह पवित्र ज्योति आगामी आयोजन तक मंदिर में विराजमान रहेगी।सेवादल के अनुसार 22 मार्च को राजस्थान के मेहंदीपुर के लिए प्रस्थान किया जाएगा। वहां से मेहंदीपुर से बालाजी की पवित्र ज्योति 24 मार्च को देहरादून पहुंचेगी। इसका प्रथम दर्शन पटेल नगर स्थित आदर्श मंदिर में कराया जाएगा, जिसके बाद शोभायात्रा के साथ इसे पृथ्वीनाथ मंदिर लाया जाएगा।कार्यक्रम में दिगंबर दिनेश पुरी, पुष्पेंद्र गिरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

