देहरादून,17 मार्च (आरएनएस)। सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेंट पैट्रिक डे संत पैट्रिक दिवस पूरे उत्साह व पंरपरा के साथ मनाया गया। छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सेंट पैट्रिक के जीवन को दर्शाती लघु नाटिका की प्रस्तुति भी दी। सेंट पैट्रिक दिवस आयरिश संत सेंट पैट्रिक की याद में मनाया जाता है। यह त्योहार धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहार के रूप में संपूर्ण विश्व में मनाया जाता है। अन्य देशों की भांति भारत में भी आयरिश ब्रदर्स ने छात्रों की उत्तम शिक्षा के लिए शिक्षण संस्थाओं की स्थापना की। सेंट जॉर्ज कॉलेज भी उन्हीं प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक है। आयरलैंड की भांति यहां भी सेंट पैट्रिक डे हर्षोल्लास से मनाया जाता है। कक्षा दस के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसमें सेंट पैट्रिक के जीवन को दर्शाती लघु-नाटिका सभी के आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही छात्रों द्वारा प्रस्तुत गीत व नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य ब्रदर फिलिक्स ने कहा कि किस प्रकार एक सोलह वर्षीय साधारण बालक पैट्रिक, ईश्वर में अटूट आस्था और विश्वास रखते हुए प्रभु के आदेश से सेंट पैट्रिक बना और ईश्वर के शांति और प्रेम के संदेश को पूरे विश्व में फैलाया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों द्वारा प्रस्तुत लघु-नाटिका, पीपीटी, गीत व नृत्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस कार्यक्रम में भारत व घाना के प्रोविंस लीडर ब्रदर जॉर्ज मंगारा, सेंट जॉर्ज कॉलेज के सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर फिलिक्स कुमार व विद्यालय के शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।

