महासमुंद, 18 मार्च (आरएनएएस)। जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने कार सवार दो लोगों से पुछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका के पास पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार सीजी 04 पीवाय 7882 को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे तीन बैगों से 54 लाख 60 हजार रुपये कीमत के 21.089 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने कार में सवार विरेन्द्र प्रधान (50 वर्ष) निवासी मठपारा रायपुर, टिकेश कुमार साहू (38 वर्ष) निवासी उरला रायपुर से जब आभूषणों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया और गवाहों की उपस्थिति में आभूषणों और कार को जब्त कर लिया। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी ओडिशा से रायपुर की ओर जा रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चांदी के आभूषण कहां से लाए जा रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

