कोरबा, 18 मार्च (आरएनएस)। एसईसीएल की दीपका खदान में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कलिंगा कंपनी में कार्यरत एक युवा श्रमिक की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद आज सुबह से ही मृतक के परिजनों और साथी ड्राइवरों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य द्वार को जाम कर दिया है। खदान का काम पूरी तरह ठप है और प्रदर्शनकारी न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।
घटना के सम्बंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े 32 वर्ष कलिंगा कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार रात लगभग 9.30 बजे सेकंड शिफ्ट के दौरान उन्होंने अपनी चलती गाड़ी किनारे खड़ी की और नीचे उतरे जिसके बाद वे अचानक वहीं गिर पड़े।
मौके पर मौजूद अन्य ड्राइवरों ने जब उनकी जांच की तो सांसें चल रही थीं लेकिन हालत अत्यंत गंभीर थी। कंपनी प्रबंधन को सूचना मिलने के बाद उन्हें आनन-फानन में छब्भ् अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप और दलाली पर आक्रोश
मृतक के परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि घटना को दबाने के लिए कंपनी के कुछ कथित दलाल और बिचैलिए सक्रिय हो गए हैं। परिवार पर मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि हमें सांत्वना नहीं लिखित अधिकार चाहिए जो नियमत: मुआवजा और परिवार के लिए व्यवस्थाएं तय हैं कंपनी उसे लिखित रूप में दे।
प्रमुख मांगें:-
मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा ।
परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार की व्यवस्था ।
हादसे की निष्पक्ष जांच और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा ।
0

