हरिद्वार 18 मार्च (आरएनएस)। आगामी ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए ज्वालापुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कोतवाली ज्वालापुर परिसर में क्षेत्राधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। गोष्ठी में दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिकों, मस्जिदों के इमामों, मौलवियों, सीएलजी सदस्यों, पार्षदों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी से मिलकर त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने कहा कि ईद के मौके पर शहर में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नमाज के दौरान सड़क पर भीड़ न लगे ताकि यातायात बाधित न हो। इसके लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहार के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने पर होगी कार्रवाईगोष्ठी में सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी सख्त चेतावनी दी गई। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति ऐसी पोस्ट या अफवाह न फैलाए जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। यदि कोई भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

