नईदिल्ली,19 मार्च। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बिक्री अपने आखिरी दौर में पहुंच गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस रेस में अब 2 दावेदार बचे हैं। एक बड़ी बोली स्वीडन की एक निजी निवेश कंपनी ने लगाई है। वहीं, मणिपाल अस्पताल के रंजन पई की अगुवाई में एक समूह मैदान में है, जिसमें अमेरिका की बड़ी निवेश कंपनी और सिंगापुर का निवेश समूह शामिल है। मैनचेस्टर यूनाइटेड के सह-मालिक ग्लेजर परिवार और अदार पूनावाला दौड़ से बाहर हैं।
सौदा करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 18,400 करोड़ रुपये) के आसपास तय हो सकता है। ग्लेजर परिवार ने 1.8 अरब डॉलर (लगभग 16,600 करोड़ रुपये) की गैर-बाध्यकारी पेशकश की थी, लेकिन स्वीडन की निवेश कंपनी ने अपनी बोली बढ़ाकर 2 अरब डॉलर तक पहुंचा दी। फिलहाल कोई दूसरी बोली सामने नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि डियाजियो समूह ने इस सौदे को अंतिम रूप देने के लिए 31 मार्च की समय सीमा तय की है।
इस बीच, राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की टीम को खरीदने के लिए भी बोली लगाने वालों की अच्छी-खासी दिलचस्पी देखने को मिल रही है। 3 इच्छुक पक्षों ने पक्की बोली लगाई है, जिसमें आदित्य बिड़ला समूह सबसे आगे है। संकेत मिल रहे हैं कि आरआर पूरी टीम बेचने के लिए भी तैयार हो सकती है। बोली की रकम 1.1 अरब डॉलर (लगभग 10,000 करोड़ रुपये) से लेकर 1.35 अरब डॉलर (लगभग 12,500 करोड़ रुपये) के बीच है।
आरआर की टीम की पूरी बिक्री प्रक्रिया की निगरानी रेन समूह कर रहा है, जिसने इससे पहले ‘द हंड्रेड’ प्रतियोगिता में टीमों की बिक्री भी संभाली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य बिड़ला समूह और अमेरिका के कारोबारी डेविड ब्लिट्जर ने मिलकर एक समूह बनाया है और उन्होंने टीम के लिए पक्की बोली भी जमा कर दी है। इस सौदे को पूरा करने की आखिरी तारीख 31 मार्च मानी जा रही है।
फोर्ब्स की 2022 की रिपोर्ट में आरसीबी का मूल्य 1 अरब डॉलर (लगभग 9,200 करोड़ रुपये) से थोड़ा अधिक बताया गया था। हालांकि, हालिया खिताबी जीत के बाद अब इसका मूल्य इससे कहीं अधिक माना जा रहा है। निवेश फर्म हूलिहान लोकी की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में आईपीएल का व्यावसायिक मूल्य लगभग 1.53 लाख करोड़ रुपये और ब्रांड वैल्यू 3.9 अरब डॉलर (लगभग 36,000 करोड़ रुपये) है। सभी टीमों में आरसीबी की ब्रांड वैल्यू सबसे अधिक आंकी गई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

