नईदिल्ली,19 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की टीम को पहचान दिलाने में उसके बल्लेबाजों की बड़ी भूमिका रही है। कई स्टार खिलाडिय़ों ने इस फ्रेंचाइजी के लिए लगातार रन बनाते हुए कई रिकॉर्ड कायम किए। उन्होंने कई अहम मुकाबलों में जीत भी दिलाई। हालांकि, अब ये बल्लेबाज इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में आगामी संस्करण में आरआर को उनकी कमी खलेगी। आइए आरआर के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
साल 2013 में आरआर के लिए अपना पहला मुकाबला खेलने वाले संजू सैमसन इस सूची में पहले स्थान पर हैं। अब यह खिलाड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेलता हुआ नजर आएगा। सैमसन ने आरआर के लिए आईपीएल 2025 तक 149 मुकाबले खेले और इसकी 144 पारियों में 31.70 की औसत और 141.24 की स्ट्राइक रेट से 4,027 रन बनाने में सफल रहे। उनके बल्ले से 2 शतक और 23 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रष्ठ स्कोर 119 रन रहा।
साल 2018 से 2024 तक आरआर की टीम का हिस्सा रहे जोस बटलर इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने इस टीम के लिए 83 मुकाबले खेले और इसकी 82 पारियों में 41.84 की औसत और 147.79 की स्ट्राइक रेट से 3,055 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 शतक और 18 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 124 रन रहा। उन्होंने 305 चौकों के साथ 135 छक्के भी लगाए। अब यह खिलाड़ी गुजरात टाइटंस के लिए खेलता है।
तीसरे स्थान पर अजिंक्य रहाणे हैं जो क्रक्र के लिए साल 2011 में पहली बार खेले थे। आखिरी बार वह इस फ्रेंचाइजी के लिए 2019 में खेले। उन्होंने 100 मुकाबलों की 93 पारियों में 11 बार नाबाद रहते हुए 34.26 की औसत से 2,810 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 122.65 की रही। रहाणे के बल्ले से 2 शतक और 17 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105* रन रहा। अभी यह खिलाड़ी कोलकाता नाइट राइडर्स का कप्तान है।
आईपीएल से संन्यास ले चुके शेन वॉटसन सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने आरआर के लिए पहला मुकाबला 2008 में खेला था। आखिरी बार वह 2015 में इस टीम के लिए खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 78 मुकाबले खेले और इसकी 76 पारियों में 11 बार नाबाद रहते हुए 36.49 की औसत से 2,372 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 141.27 की रही। उनके बल्ले से 2 शतक और 14 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104* रन रहा।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

