नईदिल्ली,19 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास में कुछ बल्लेबाजों ने रनों के अंबार लगाए हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे प्रमुख बल्लेबाजों ने आईपीएल में अपना वर्चस्व स्थापित किया है। भारत की इस लीग के इतिहास में अब तक चुनिंदा बल्लेबाजों ने एक से अधिक सीजन में 600+ रन बनाए हैं। इनमें से सिर्फ 4 ही ऐसे बल्लेबाज हुए हैं, जिन्होंने लगातार 3 सीजन में ये आंकड़ा पार किया है। आइए इस विशेष सूची के बारे में जानते हैं।
लीग इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले कोहली ने पिछले 3 संस्करणों में जोरदार प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2025 में 15 पारियों में 54.75 की औसत और 144.71 की स्ट्राइक रेट के साथ 657 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए और आरसीबी ने खिताब जीता था। उन्होंने आईपीएल 2024 में 15 पारियों में 61.75 की औसत और 154.69 की स्ट्राइक रेट से 741 रन बनाए थे। वहीं, आईपीएल 2023 में इस दिग्गज बल्लेबाज ने 639 रन बनाए थे।
केएल राहुल भी इस लीग में निरंतर रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। राहुल ने आईपीएल 2020 में शीर्ष स्कोरर रहते हुए ऑरेंज कैप हासिल की थी। उन्होंने 14 मैचों में 55.83 की औसत से 670 रन बनाए थे। आईपीएल 2021 में राहुल ने 62.60 की प्रभावशाली औसत के साथ 626 रन जड़ डाले थे। इसी तरह आईपीएल 2022 में उन्होंने 15 पारियों में 51.33 की औसत से 616 रन बनाए थे।
क्रिस गेल ने 2011, 2012 और 2013 सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया था। उन्होंने आईपीएल 2011 में उन्होंने 12 पारियों में 67.55 की औसत और 183.13 की स्ट्राइक रेट से 608 रन बनाए थे। इसके बाद 2012 सीजन में 61.08 की औसत और 160.74 की स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए थे। 2013 में उन्होंने 16 पारियों में 59.00 की औसत और 156.29 की स्ट्राइक रेट से 708 रन बनाए थे। ये तीनों सीजन में गेल आरसीबी से खेले थे।
वार्नर ने 2017 और 2019 में उन्होंने क्रमश: 641 और 692 रन बनाए थे। इन दोनों सीजन में वह सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे, जिसके लिए उन्हें ऑरेंज कैप मिली थी। इनके अलावा 2016 सीजन में उन्होंने 848 रन बनाए थे। हालांकि, वह ऑरेंज कैप की दौड़ में कोहली से पिछड़ गए थे, जिन्होंने 973 रन बनाए थे। बता दें कि वार्नर ने 2018 के सीजन में आईपीएल में हिस्सा नहीं लिया था।
००

