ऋषिकेश,19 मार्च (आरएनएस)। ऋषिकेश में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। गुरुवार को दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही का सिलसिला चला। शाम के समय आसमान में काले बादल छाने के साथ तेज हवा के बीच कुछ रिमझिम फुहार भी बरसी, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। क्षेत्र में बारिश के आसार बने हुए हैं। गुरुवार को तापमान अधिकतम 27 और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को दोपहर दो बजे के बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में छाए बादल और शाम को हुई रिमझिम बारिश से तापमान में गिरावट आ गई। मौसम परिवर्तन होने से लोगों को गरमी से निजात मिली। गंगा घाट और तटों पर पर्यटक और स्थानीय लोगों की चहलकदमी दिखी। सुबह से ही आसमान में कभी धूप और कभी बादल छाए रहे। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम चार बजे तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं। सवा चार बजे कुछ देर रिमझिम बारिश भी शुरू हो गई। रिमझिम बारिश होने से हल्की ठंड का अहसास हुआ। मौसम वैज्ञानिक एसके तोमर का कहना है कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके चलते आसमान में बादल छाए हुए हैं। अगले 48 घंटों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

