ऋषिकेश,19 मार्च (आरएनएस)। नांगल ज्वालापुर बड़ोवाला में पशुपालन विभाग की ओर से गुरुवार को पशु प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने किया। प्रदर्शनी में क्षेत्र के पशुपालकों ने उन्नत नस्ल की दुधारू गाय, भैंस, बैल और बछिया का प्रदर्शन किया। पशुओं का मूल्यांकन दुग्ध उत्पादन, शारीरिक बनावट और देखभाल के आधार पर किया गया, जिसमें दुधारू वर्ग में पशुपालक नरेंद्र की गाय ने प्रथम, सोनू ने द्वितीय और किरणपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दुधारू भैंस वर्ग में प्रेम पांचाल प्रथम, जफर चौहान द्वितीय और रानी तृतीय स्थान पर रहीं। बैल वर्ग में पहल सिंह को प्रथम, कलीराम को द्वितीय व नरेंद्र पाल को तृतीय स्थान मिला। बछिया वर्ग में उस्मान प्रथम, प्रेमवती द्वितीय और बाबू तृतीय स्थान पर रहे। विजेता पशुपालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की नींव है। इस तरह की पशु प्रदर्शनियां पशुपालकों को उन्नत तकनीक, बेहतर नस्ल और सरकारी योजनाओं से जोडऩे का प्रभावी माध्यम हैं। बोले, यह आयोजन किसानों की आय बढ़ाकर गांव को आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक सिद्ध होंगे। वहीं, पशुपालन विभाग ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका टीकाकरण, कृमिनाशक दवा वितरण किया। विभागीय विशेषज्ञों ने पशुओं के लिए संतुलित आहार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी। पशु चिकित्सा अधिकारी पूजा पांडे ने बताया कि समय पर टीकाकरण, संतुलित आहार और सही देखभाल से पशुओं की उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है। मौके पर अंजू देवी रेखा देवी, रफल सिंह, वीरेंद्र थापा, डॉ. इमरान, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. प्रदीप और पशुपालक ग्रामीण मौजूद।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

