देहरादून,19 मार्च (आरएनएस)। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के की ओर से चेन्नई के सत्यबामा विश्वविद्यालय में आयोजित 39वें इंटर-यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल 2025–26 में दून विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। देशभर के 125 से अधिक विश्वविद्यालयों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में दून विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक दल ने सांस्कृतिक शोभायात्रा में द्वितीय स्थान और स्किट/थिएटर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। इस पांच दिवसीय महोत्सव (10 से 14 मार्च) का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित करना था। विश्वविद्यालय के दल का नेतृत्व डॉ. अजीत पंवार ने किया, जिसमें मनस्वी, राजदीप राणा, अंजेश कुमार, कोमल, शौर्य, अनन्या, लोहित्य सिंह, आशुतोष बिष्ट, आदित्य चौहान, सिबान, शाश्वत और साक्षी जैसे प्रतिभावान छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने अपने परिश्रम और कला के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया। इस अवसर पर कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. एच.सी. पुरोहित, प्रो. हर्ष डोभाल, प्रो. चेतन पोखरियाल और डॉ. राजेश भट्ट आदि मौजूद रहे।

