नईदिल्ली,20 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार किसी बल्लेबाज ने संस्करण में 900 रन का आंकड़ा पार किया था। विराट कोहली (973 रन, 2016) ऐसा कारनामा कर चुके हैं। हालांकि, कई बल्लेबाज एक संस्करण में 600 रन का आंकड़ा पार करने में सफल हुए हैं। इस बीच एक संस्करण में 60+ की औसत और 160+ की स्ट्राइक रेट से 600 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
पूर्व कैरेबियाई दिग्गज क्रिस गेल को 2011 संस्करण में आरसीबी से खेलते हुए ऑरेंज कैप मिली थी। आईपीएल 2011 में उन्होंने 12 मैचों में 67.55 की औसत और 183.13 की स्ट्राइक रेट से 608 रन बनाए थे। उस संस्करण में आरसीबी की टीम फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ हारकर उपविजेता रही थी। खिताबी मैच में गेल अपना खाता भी नहीं खोल सकी थी और चेन्नई सुपरकिंग्स ने 58 रन से मैच जीता था।
आईपीएल 2012 में भी गेल का बल्ला खूब चला था। उन्होंने आरसीबी से ही खेलते हुए 14 परियों में 61.08 की औसत और 160.74 की स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने एक शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। 2012 में आरसीबी की टीम अंक तालिका में 5वें स्थान पर रही थी। अपने आईपीएल करियर में उन्होंने 39.72 की औसत के साथ 4,965 रन बनाए थे।
गेल लगातार 2 संस्करणों में ऑरेंज कैप जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। उनके अलावा डेविड वार्नर (2015, 2017 और 2019) और विराट कोहली (2016 और 2024) ही एक से अधिक बार ऑरेंज कैप जीत चुके हैं।
आईपीएल 2025 में सूर्यकुमार यादव ने टीम के लिए बेहद यादगार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 65.18 की औसत और 167.91 की स्ट्राइक रेट के साथ 717 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े थे। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन का रहा था। 2025 सीजन में उन्होंने कुल 69 चौके और 38 छक्के भी जड़े थे। वह पिछले संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे पायदान पर रहे थे।
००

