नईदिल्ली,20 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने आयरलैंड के पूर्व खिलाड़ी जॉन मूनी को अपना फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। मूनी एशिया कप 2026 के दौरान अफगानिस्तान के साथ काम करते हुए नजर आए थे। इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज की टीम के साथ भी कोचिंग की है। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 1 अप्रैल को होने वाले मैच से करेगी।
दिल्ली कैपिटल्स ने औपचारिक रूप से ऐलान किया है। इसके साथ ही मूनी दिल्ली कैपिटल्स के प्रमुख कोच हेमांग बदानी की अगुवाई वाले कोचिंग दल में शामिल हो गए हैं। इस टीम के गेंदबाजी कोच मुनाफ पटेल हैं और असिस्टेंट कोच की भूमिका में इयान बेल हैं। इनके अलावा वेणुगोपाल राव डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट हैं। पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर रहे केविन पीटरसन आईपीएल 2026 में टीम के साथ नहीं रहेंगे।
मूनी ने आयरलैंड की ओर से 64 वनडे खेले थे, जिसमें 23.48 की औसत और 79.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 963 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में 48 विकेट लिए थे। जब वनडे विश्व कप 2011 में आयरलैंड ने इंग्लैंड को हराकर उलटफेर किया था, तब मूनी उस आयरिश टीम के प्रमुख सदस्य थे। उन्होंने 27 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 231 रन और गेंदबाजी में 10 विकेट लिए थे।
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। टीम ने 14 में से 7 मुकाबले जीते, 6 हारे और 1 मुकाबला बेनतीजा रहा था। साल 2020 में फाइनल में पहुंच कर हारने के बाद टीम लय में नहीं आ सकी है। उस संस्करण के बाद दिल्ली कैपिटल्स केवल 2021 में प्लेऑफ में पहुंची थी। 2021 के बाद टीम लगातार 4 साल से प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

