सुल्तानपुर 20 मार्च (आरएनएस ) । क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अचानक मौसम ने करवट ले ली आसमान में घनघोर बादल छा गए, गडग़ड़ाहट के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। इसके बाद तेज ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव से आमजन को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज हवा और हल्की बारिश का असर खेतों में साफ दिखने लगा है। हाल ही में सिंचाई की गई गेहूं समेत अन्य फसलों के गिरने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पककर तैयार खड़ी सरसों की फसल को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यही मिजाज कुछ देर और बना रहा तो फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
अचानक बदले मौसम को लेकर ग्रामीण इलाकों में चर्चा का माहौल बना रहा। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। मौसम विभाग की अगली स्थिति पर अब किसानों की निगाहें टिकी हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

