बागेश्वर,20 मार्च (आरएनएस)। कनलगढ़ घाटी के मालूखेत मैदान में कनलगढ़ घाटी महोत्सव का क्षेत्रीय विधायक सुरेश गडिय़ा ने शुभारंभ किया। लगभग दो दर्जन ग्राम पंचायतों की सहभागिता के साथ यह महोत्सव शुरू हुआ। विधायक ने कहा कि यह सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आत्मा, हमारी पहचान और हमारी पीढिय़ों से चली आ रही अमूल्य विरासत का जीवंत रूप है। जब लोकधुनें गूंजती हैं, पारंपरिक वेशभूषा सजीव होती है और हमारे बुजुर्गों की परंपराएं मंच पर उतरती हैं, तो ऐसा लगता है जैसे हम अपनी जड़ों से फिर से जुड़ रहे हों। आज की भागदौड़ भरी दुनिया में अपनी संस्कृति को बचाए रखना की चुनौती से कम नहीं है, लेकिन यहां उमड़ी जनभावनाएं यह विश्वास दिलाती हैं कि हमारी नई पीढ़ी इस विरासत को न सिर्फ समझेगी, बल्कि गर्व के साथ आगे भी बढ़ाएगी। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, जिला पंचायत सदस्य बसंती देव, बलवंत राम, मेला कमेटी के संरक्षक लाल सिंह दीवान, अध्यक्ष हीरा बघरी, मंडल अध्यक्ष भूपेश फ़र्तयाल, दलीप सिंह खेतवाल, मनोहर राम, आनंद मेहता, ग्राम प्रधान बैसानी देवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

