कोटद्वार,20 मार्च (आरएनएस)। भाबर व सनेह क्षेत्र की गैस एजेंसियों को ग्रामीण क्षेत्र में शामिल किए जाने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग 25 दिन के बजाय अब 45 दिन में हो रही है। इससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों क्षेत्रों के पार्षदों ने इस पर नाराजगी जताते हुए एसडीएम संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपे। पार्षद सौरव नौडियाल की अगुवाई में भाबर के पार्षदों ने ज्ञापन में कहा कि भाबर व सनेह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली गैस एजेंसियों लालपानी ग्रामीण वितरक एजेंसी, भाबर इंडेन गैस एजेंसी व पदमपुर गैस एजेंसी में उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की आपूर्ति अनियमित व विलंब से की जा रही है। साथ ही नगर निगम में शामिल इन गैस एजेंसियों को ग्रामीण क्षेत्र में शामिल किए जाने से उपभोक्ताओं की सिलिंडर की बुकिंग 25 दिन के बजाय 45 दिन में की जा रही है। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बावजूद निर्धारित समय पर गैस की डिलीवरी में अनावश्यक देरी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने कहा कि पूरा क्षेत्र नगर निगम कोटद्वार के अंतर्गत आता है। तीनों गैस एजेंसियों में करीब 40 हजार उपभोक्ता हैं। उन्होंने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कर गैस की नियमित एवं समयबद्ध आपूर्ति कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में सौरव नौडियाल के अलावा पार्षद विपिन डोबरियाल, मनोज शाह, पंकज आदि शामिल रहे। उधर, सनेह क्षेत्र के अंतर्गत कुंभीचौड़ के पार्षद अनिल रावत ने भी इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सभी गैस एजेंसियों में गैस बुकिंग का एक ही मानक तय कर बुकिंग 25 दिन में करने की मांग की। वहीं वरिष्ठ नागरिक संगठन के प्रचार सचिव आरसी कोठारी ने भी इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी को ज्ञापन भेजा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

