बलौदाबाजार 21 मार्च (आरएनएस) एक फोन कॉल ने अवैध शराब के कारोबार पर सीधा वार कर दिया। समाधान सेल में मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को मेन रोड पर रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी मसाला शराब बरामद की गई है।
मामला 20 मार्च 2026 का है, जब समाधान सेल हेल्पलाइन पर मिली पुख्ता सूचना ने पुलिस को सक्रिय कर दिया। सूचना थी कि ऑडिटोरियम के पास मेन रोड पर एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। जैसे ही सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची, सिटी कोतवाली पुलिस ने बिना देर किए मौके पर घेराबंदी कर दी और संदिग्ध को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 39 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3900 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान महेंद्र बघेल (28 वर्ष), निवासी दशरमा रोड, बलौदाबाजार के रूप में बताई। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री में संलिप्त था और मुख्य सड़कों पर खुलेआम सप्लाई कर रहा था। हालांकि इस बार समाधान सेल की सक्रियता और पुलिस की तत्परता ने उसके इस अवैध धंधे पर ब्रेक लगा दिया।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में शुरू की गई समाधान सेल योजना अब आम जनता और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी बनती जा रही है। इस हेल्पलाइन के जरिए मिल रही सूचनाएं अपराधियों तक पहुंचने में कारगर साबित हो रही हैं।

