इस्लामाबाद ,21 मार्च । पाकिस्तान में सेना प्रमुख आसिम मुनीर के एक कथित बयान को लेकर विवाद गहरा गया है। बताया जा रहा है कि ईरान-इजराइल तनाव के बीच आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान से शिया समुदाय में नाराजग़ी बढ़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इफ्तार के दौरान क्षेत्रीय हालात और ईरान के मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान सेना प्रमुख ने कथित तौर पर शिया धर्मगुरुओं से कहा कि यदि उन्हें ईरान पसंद है तो वे वहां जा सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी किसी अन्य देश के प्रति झुकाव के आधार पर पाकिस्तान में अस्थिरता फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस बयान के सामने आने के बाद शिया समुदाय में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली है। प्रमुख धार्मिक नेता सैयद जवाद नक़वी ने इसे अपमानजनक बताते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियां सांप्रदायिक तनाव को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिया समुदाय की देशभक्ति पर सवाल उठाना न केवल गलत है, बल्कि समाज में विभाजन पैदा करने वाला भी है।
शिया संगठनों का कहना है कि उनकी निष्ठा पूरी तरह पाकिस्तान के प्रति है और उन्हें किसी विदेशी देश से जोड़कर देखना अनुचित है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि देश के निर्माण और विकास में शिया समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा क्षेत्रीय तनाव के बीच ऐसे बयान पाकिस्तान के भीतर सांप्रदायिक संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। इस घटनाक्रम के बाद देश में सामाजिक सौहार्द और आंतरिक स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
00

