बागेश्वर,21 मार्च (आरएनएस)। जिले में गैस सिलेंडरों के वितरण के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में निर्धारित दिनों पर सप्लाई की जा रही है, लेकिन शनिवार को मंडलसेरा क्षेत्र में अव्यवस्था के चलते कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। बता दें कि मंडलसेरा में गैस वितरण के लिए उपभोक्ता पहले से ही निर्धारित स्थान पर सिलेंडर लेकर कतार में खड़े थे। इसी बीच गैस की गाड़ी तय स्थान पर न रुककर आगे जाकर भाजपा कार्यालय के बाहर खड़ी हो गई। इससे वहां मौजूद लोगों में अचानक असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। गाड़ी के स्थान बदलने की सूचना मिलते ही कई उपभोक्ता अपने गैस सिलेंडर सिर पर रखकर नए स्थान की ओर दौड़ते नजर आए। इस दौरान कुछ समय के लिए अव्यवस्था और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने मौके पर लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिससे किसी तरह की बड़ी घटना नहीं हुई।वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी जीबी पांडे ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। अधिक भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से वितरण स्थल में बदलाव किया गया था। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध करा दी गई है और भविष्य में व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

