देहरादून,21 मार्च (आरएनएस)। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में कैंट विधानसभा अंतर्गत वार्ड 3, कैहरीगांव में शनिवार को सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता शामिल हुए और श्रद्धापूर्वक कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रि के तृतीय दिवस मां चन्द्रघंटा के स्वरूप में आई कन्याओं का विधि-विधान से चरण प्रक्षालन, तिलक, मौली एवं चुनरी अर्पित कर पूजन किया गया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने बताया कि कैंट विधानसभा में 11 हजार कन्याओं के पूजन का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत प्रतिदिन लगभग 1500 कन्याओं का पूजन किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व सभासद कमल राज, मंडल महामंत्री संजय अरोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजू बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सेमवाल, महानगर एससी मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र घेयल, मंडल अध्यक्ष सरदार पटेल आशीष शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ पदाधिकारी सूरज भाटिया, मंडल मंत्री रिया नैथानी, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सुप्रिया डोभाल, महानगर मंत्री ओबीसी मोर्चा राजेश सैन, महानगर सोशल मीडिया संयोजक महिपाल सिंह समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

