मेदिनीपुर,21 मार्च (आरएनएस)। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दांतन क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। शुक्रवार रात एक सार्वजनिक मंच पर शिक्षक एवं मोहनपुर पंचायत समिति के दो बार के तृणमूल कर्माध्यक्ष राजीव नायक ने औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। दांतन 219 नंबर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना के हाथों उन्होंने भाजपा में शामिल होकर अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की। अनुभवी नेता के इस दल बदल से स्थानीय राजनीतिक माहौल में काफी हलचल देखी जा रही है। भाजपा के मंच से उन्होंने कहा “जनहित और विकास की सोच के साथ मैंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।” राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राजीव नायक जैसे प्रभावशाली नेता के इस फैसले से दांतन विधानसभा क्षेत्र के चुनावी समीकरण पर बड़ा असर पड़ सकता है। खासकर मोहनपुर इलाके में तृणमूल की संगठनात्मक मजबूती को झटका लग सकता है, जिससे भाजपा को बढ़त मिलने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना ने कहा “राजीव नायक जैसे अनुभवी और जनाधार वाले नेता के भाजपा में आने से संगठन और मजबूत होगा तथा दांतन में परिवर्तन की राह और आसान होगी।” चुनाव से ठीक पहले हुए इस घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

