रुद्रपुर,22 मार्च (आरएनएस)। एसोसिएशन फॉर रीइन्वेंटिंग स्कूल एजुकेशन (अराइज) की वाराणसी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में देशभर के शिक्षाविदों और प्रगतिशील विद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिसमें रुद्रपुर के दो प्रमुख शिक्षा संस्थानों के प्रबंध निदेशकों को उत्तराखंड राज्य के लिए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए। रामेश्वरपुर स्थित भारतीयम इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक भरत गोयल को अराइज उत्तराखंड का अध्यक्ष नामित किया गया है, जबकि कोलंबस पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार खेड़ा को सह-अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए जाने जाते हैं और इन नियुक्तियों से क्षेत्र का सम्मान बढ़ा है। अराइज देश में विद्यालयी शिक्षा में नवाचार, सुधार और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने वाला अग्रणी संगठन है। अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए भरत गोयल और मनोज कुमार खेड़ा ने कहा कि वह उत्तराखंड में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यालयी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और तकनीक के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। इस उपलब्धि पर दोनों विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

