रुड़की,22 मार्च (आरएनएस)। चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में मां कूष्मांडा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। लोगों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिरों में सुबह आरती के साथ पूजा का कार्यक्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालु फल, फूल, नारियल और प्रसाद लेकर मंदिर पहुंचे। कई जगहों पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। महाराज ओमजी वैदिक के अनुसार नवरात्र के चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा करने से आयु, यश और बल में वृद्धि होती है। इस दिन विशेष रूप से मालपुआ या मीठे व्यंजन का भोग लगाने की परंपरा है। कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूरे विधि-विधान से पूजा की। शहर के प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, बाजारों में भी पूजा सामग्री की दुकानों पर अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। नवरात्र के चलते पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु सुबह-शाम पूजा में शामिल होकर मां की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

