रुड़की,22 मार्च (आरएनएस)। लंढौरा कस्बे में रविवार दोपहर अचानक बढ़े वाहनों के दबाव और दोबारा हुए अतिक्रमण के कारण यातायात पूरी तरह चरमरा गया। रुड़की-लक्सर मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अचानक वाहनों का दबाव बढऩे से रुड़की-लक्सर मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि जौरासी मार्ग और मंगलौर मार्ग पर भी वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं, जिससे पूरे कस्बे की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। जाम की सूचना मिलते ही लंढौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। चौकी प्रभारी अशोक सिरस्वाल के नेतृत्व में उप निरीक्षक बलवंत पंवार, हेड कांस्टेबल शूरवीर सिंह चौहान तथा कांस्टेबल मनीष, दिनेश शर्मा और दीपक कुमार ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब आधे घंटे में यातायात को धीरे-धीरे सुचारु कराया। हालांकि जाम पूरी तरह खुलने में लगभग डेढ़ घंटे का समय लग गया। जाम के दौरान दैनिक कामकाज के लिए जा रहे लोग सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले प्रशासन द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति में सुधार हुआ था। लेकिन कार्रवाई के कुछ ही दिनों बाद फिर से अस्थायी अतिक्रमण शुरू हो गया, जिसके चलते जाम की समस्या दोबारा खड़ी हो गई। इस संबंध में चौकी प्रभारी अशोक सिरस्वाल ने बताया कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही दोबारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या उत्पन्न न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

