ऋषिकेश,22 मार्च (आरएनएस)। जोगीवाला की वैष्णवी लोहनी ने फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने ‘मिस टैलेंटेडÓ का खिताब जीत कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। डोईवाला विधानसभा अंतर्गत जोगीवाला की रहने वाली वैष्णवी सिनमिट कम्युनिकेशंस की ओर से आयोजित ‘फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड-2026’ के ग्रैंड फिनाले में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसके बाद उन्हें ‘मिस टैलेंटेडÓ का खिताब मिला है। वैष्णवी ने बताया कि टैलेंट राउंड के दौरान उन्होंने कैलाश खेर के प्रसिद्ध भजन ‘बम लहरीÓ पर योग और नृत्य की एक अद्भुत प्रस्तुति दी। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक भाव से ओत-प्रोत इस प्रदर्शन ने वहां मौजूद निर्णायकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी इस कलात्मक प्रस्तुति को प्रतियोगिता का सबसे खास आकर्षण माना गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वे कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने मिस उत्तराखंड 2025 में प्रथम उपविजेता, मिस अल्मोड़ा, मिस फोटोजेनिक, मिस ब्यूटीफुल स्माइल, मिस ब्यूटीफुल स्किन जैसी कई उपलब्धियां प्राप्त की हुई हैं। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य योग और नृत्य जैसी कलाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है। ऐसी प्रतियोगिताएं हमें अपनी अलग पहचान बनाने का आत्मविश्वास देती हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

