ऋषिकेश,22 मार्च (आरएनएस)। घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस की किल्लत और दाम बढऩे पर कांग्रेसियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। आक्रोशित कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेताया कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुचारु की जाए और महंगाई पर नियंत्रण किया जाए, अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। रविवार को ढालवाला पुलिस चौकी के निकट कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि देश में गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कमी से आम जनता एवं छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रसोई गैस आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है, जिससे घरों की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। छोटे होटल, ठेलियां लगातार बंद हो रही है। गरीब जनता जो किराए पर रहती हैं, वह अपने गांव की ओर जाने को मजबूर हो रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की किल्लत और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। नगर कांग्रेस कमेटी मुनिकीरेती के नगर अध्यक्ष अनिल रावत ने कहा कि डबल इंजन भाजपा सरकार लोगों को गुमराह कर रही है। गैस की भारी किल्लत से आम जनता परेशान है। मोदी सरकार ने एक ही झटके में 60रूपए घरेलू गैस पर और 150 रुपये कॉमर्शियल गैस पर बढ़ाकर देश को महंगाई की ओर झोंक दिया है। इस मौके पर दिनेश भट्ट, दिनेश सकलानी, बलदेव भंडारी, नवीन भंडारी, पवन लेखवार, सुरेंद्र भंडारी, कमलेश चंद्र, लक्ष्मण राजभर, लेखराज भंडारी, कौशल चौहान, सचिन सेलवान, दिलबीर रावत, अमन, राकेश, सुरेश आदि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

