कोटद्वार,22 मार्च (आरएनएस)। सनेह क्षेत्र के लालपानी में स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द ही सामान्य स्वास्थ्य जांच सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं। इससे मरीजों को छोटी-छोटी जांचों के लिए कई किलोमीटर दूर कोटद्वार शहर नहीं जाना पड़ेगा। अब तक लालपानी के लोगों को जांच के लिए कोटद्वार के बेस अस्पताल या निजी सेंटरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जहां सीमित समय और महंगी जांच के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती थी। निरीक्षण के दौरान पहुंचे सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला को अस्पताल की ओपीडी कम मिली। इस पर स्टाफ ने बताया कि सामान्य जांच सुविधाओं के अभाव में मरीज सीधे अन्य स्थानों पर उपचार के लिए चले जाते हैं। सीएमओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही अस्पताल में रक्तचाप, मधुमेह, हिमोग्लोबिन, प्रेग्नेंसी टेस्ट सहित करीब 10 प्रकार की सामान्य जांच शुरू की जाएंगी, जिनके लिए बड़ी मशीनों या पैथोलॉजिस्ट की जरूरत नहीं होती। साथ ही, इसके लिए स्टाफ नर्स की तैनाती भी की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

