रायपुर , 23 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में हुए दर्दनाक हादसे ने लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामकृष्ण केयर अस्पताल (आरकेसीएच) में सैप्टिक टैंक में गिरने से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मजदूर सैप्टिक टैंक की सफाई या उससे जुड़े काम में लगे हुए थे, तभी हादसा हुआ।
इस मामले में पुलिस ने ठेकेदार किशन सोनी और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ पहले ही लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी। अब इस केस में एट्रोसिटी एक्ट की धारा भी जोड़ दी गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के पीछे की असली वजह जानने के लिए गहन जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि क्या मजदूरों की सुरक्षा के लिए जरूरी मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड मांगे गए हैं। वहीं, मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर बताती है कि जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी घातक साबित हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
००००

