रायगढ़, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ नगर निगम में कार्यों में लापरवाही को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। निगम आयुक्त ब्रजेश सिंह क्षत्रिय ने वाहन विभाग का औचक निरीक्षण किया, जिसमें दो ड्राइवर बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने उपस्थिति रजिस्टर, वाहनों की स्थिति और संचालन व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम के कार्य—जैसे सफाई, कचरा संग्रहण और अन्य आवश्यक सेवाएं—कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर निर्भर हैं। ऐसे में बिना सूचना के गैरहाजिर रहना गंभीर अनुशासनहीनता है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने अन्य कर्मचारियों को भी कड़ी चेतावनी दी है कि बिना ठोस कारण अनुपस्थित पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य का भी जायजा लिया। बताया गया कि 48 वार्डों के साथ तीन बाह्यवृद्धि क्षेत्र—कलमी, बेंद्राचुंआ और बड़े अतरमुड़ा—को मिलाकर कुल 51 वार्डों में करीब ढाई लाख की आबादी निवास करती है। प्रत्येक 700 से 800 लोगों पर एक ब्लॉक बनाए जाने की योजना है।
कमिश्नर ने गूगल मैप के जरिए ब्लॉकों की स्थिति का अवलोकन करते हुए सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति के अनुसार गंभीरता से ब्लॉक निर्धारण का कार्य पूरा करें।
००००

