रायगढ़, 23 मार्च (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध अफीम की खेती का एक और मामला सामने आया है। इस बार पुलिस को लैलूंगा थाना क्षेत्र में अफीम की खेती किए जाने की सूचना मिली है, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जिले में यह इस तरह का दूसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले तमनार ब्लॉक के आमाघाट इलाके में भी अफीम की खेती का खुलासा हुआ था, जिससे प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, झारखंड निवासी मार्शल सांगा पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में खेती कर रहा था। उसने आमाघाट के एक किसान से खेत यह कहकर लिया था कि वह उसमें तरबूज और ककड़ी की फसल उगाएगा। लेकिन बाद में वहां अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई।
बताया जा रहा है कि मार्शल सांगा झारखंड से आकर रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में अपने ससुराल में रह रहा था और करीब 10 से 12 साल से खेती से जुड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि झारखंड में अफीम की खेती के तौर-तरीके देखने के बाद उसने यहां भी उसी तरह की खेती शुरू की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
०००

