नईदिल्ली,23 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में जहां बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिलेगा, वहीं स्पिन गेंदबाज भी अपनी कला से मैच का रुख बदलते नजर आ सकते हैं। बीच के ओवरों में रन गति पर लगाम लगाने और अहम विकेट निकालने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर होगी। आईपीएल 2026 में कई ऐसे स्पिनर हैं, जिनका प्रदर्शन टीमों की किस्मत तय कर सकता है। आइए उन स्पिन गेंदबाजों पर नजर डालते हैं जो इस संस्करण दमदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती पिछले कुछ सीजनों से लगातार शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। आईपीएल 2023 में 20, 2024 में 21 और 2025 में 17 विकेट लेकर उन्होंने अपनी धार साबित की है। ऐसे में इस सीजन भी उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीदें रहेंगी। कुल 84 आईपीएल मैचों में 23.85 की औसत से 100 विकेट उनके नाम है जो उनकी निरंतरता और मैच जिताने की क्षमता को दर्शाते हैं।
आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहले से आईपीएल 2026 में एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। आईपीएल 2025 में उन्होंने 14 मैचों की 13 पारियों में 26.87 की औसत से 16 विकेट झटके थे। वहीं कुल 174 मैचों की 172 पारियों में 22.76 की औसत से 221 विकेट लेकर उन्होंने अपनी निरंतरता और अनुभव का शानदार उदाहरण पेश किया है।
चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार स्पिन गेंदबाज नूर अहमद का आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन रहा था। उन्होंने 14 मैचों में 17 की बेहतरीन औसत से 24 विकेट झटके थे, उनकी इकॉनमी रेट 8.16 की रही थी। नूर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/18 का रहा था। ऐसे में आईपीएल 2026 में भी उनसे इसी लय को बरकरार रखते हुए बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की उम्मीद रहेंगी। इस खिलाड़ी ने कुल 37 मैच में 22.22 की औसत से 48 विकेट लिए हैं।
आईपीएल 2025 में पहली बार गुजरात टाइटंस के स्पिन गेंदबाज साई किशोर को लगातार मौके मिले और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 15 पारियों में 20.68 की शानदार औसत से 19 विकेट झटके और उनकी इकॉनमी 9.24 की रही। ऐसे में आईपीएल 2026 में वह एक बार फिर खुद को साबित करना चाहेंगे। अब तक 25 मुकाबलों में 20.34 की औसत से 32 विकेट लेकर उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की है।
आईपीएल 2025 में डेब्यू करने वाले लखनऊ सुपर जायंट्स के स्पिन गेंदबाज दिग्वेश राठी ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने 13 मैचों की 13 पारियों में 30.64 की औसत से 14 विकेट झटके, जबकि उनकी इकॉनमी 8.25 की रही थी। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 2/30 का रहा था। ऐसे में यह युवा खिलाड़ी आईपीएल 2026 में अपने आंकड़ों को और बेहतर करने की कोशिश करेगा।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

