वॉशिंगटन ,23 मार्च । अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष स्मारक सोने का सिक्का जारी करने की तैयारी की जा रही है, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर शामिल करने का प्रस्ताव सामने आया है। इस प्रस्ताव ने जहां राजनीतिक और ऐतिहासिक चर्चा को जन्म दिया है, वहीं इसके कानूनी पहलुओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह 24 कैरेट गोल्ड कॉइन होगा, जिसमें ट्रंप को रेजोल्यूट डेस्क के पास झुके हुए और मु_ी बांधे हुए दर्शाने की योजना है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो यह बेहद दुर्लभ उदाहरण होगा, क्योंकि आमतौर पर अमेरिकी सिक्कों पर जीवित व्यक्तियों की तस्वीर नहीं होती।
इतिहास में केवल एक बार 1926 में ऐसा हुआ था, जब अमेरिका के 30वें राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज की तस्वीर जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ एक स्मारक सिक्के पर दिखाई गई थी। वह सिक्का अमेरिका की स्वतंत्रता के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जारी किया गया था।
बताया जा रहा है कि यूएस कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स ने 19 मार्च को हुई बैठक में इस सिक्के के डिजाइन को प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। अंतिम डिजाइन तय होने के बाद ही इसका उत्पादन शुरू किया जाएगा।
अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने कहा कि 250वीं वर्षगांठ के लिए तैयार किए जा रहे ये विशेष सिक्के देश की लोकतांत्रिक विरासत और इतिहास को दर्शाने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि समकालीन नेतृत्व को प्रदर्शित करना इस पहल का हिस्सा हो सकता है।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि जीवित व्यक्ति की तस्वीर को आधिकारिक सिक्के पर दर्शाने को लेकर अमेरिकी कानून और परंपराएं स्पष्ट हैं, ऐसे में इस प्रस्ताव पर आगे भी बहस जारी रहने की संभावना है।
00

