दोहा ,23 मार्च । मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर के एक सैन्य हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की खबर सामने आई है। कतर सरकार ने रविवार को पुष्टि की कि इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। दुर्घटना फारस की खाड़ी में कतर के क्षेत्रीय जल में हुई।
कतर के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार, हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर नियमित ड्यूटी पर था। रक्षा मंत्रालय ने प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी बताया है। हालांकि मृतकों की पहचान और यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वे सैन्य कर्मी थे या नागरिक।
बचाव अभियान जारी है और लापता व्यक्ति की तलाश में कोस्ट गार्ड व इंटरनल सिक्योरिटी फोर्स (लेख्विया) की टीमें जुटी हुई हैं। रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि तकनीकी खामी के चलते हेलीकॉप्टर नियंत्रण खो बैठा और समुद्र में गिर गया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव चरम पर है। ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ते टकराव के कारण खाड़ी क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील बना हुआ है। हाल के दिनों में ईरान द्वारा कतर में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की खबरों के बीच इस हादसे ने कई तरह की अटकलों को जन्म दिया है। हालांकि कतर सरकार ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना में किसी भी प्रकार की बाहरी या दुश्मन कार्रवाई के संकेत नहीं मिले हैं।
घटना के बाद कतर प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल तेल और गैस संचालन पर इस हादसे का कोई असर नहीं पड़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा सकती हैं।
सरकार ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और आश्वासन दिया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
00

