अल्मोड़ा,23 मार्च (आरएनएस)। विकासखंड द्वाराहाट के नगर पंचायत सभागार में स्याल्दे बिखौती मेले को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेला संरक्षक एवं विधायक मदन सिंह बिष्ट ने की, जिसमें विभिन्न दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि द्वाराहाट का प्रसिद्ध स्याल्दे बिखौती मेला 13 से 16 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मेले को और अधिक भव्य बनाने तथा इसके क्षेत्रफल के विस्तार पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने पारंपरिक मेले को व्यापक स्वरूप देने पर जोर दिया। विधायक मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि यह मेला द्वाराहाट की पहचान है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी स्थानीय लोगों की है। उन्होंने पिछले वर्ष की देनदारियों को समाप्त करने के लिए विधायक निधि से 7.50 लाख रुपये की धनराशि मेला समिति को प्रदान करने की जानकारी दी। साथ ही आवश्यकतानुसार अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया। मेला अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी द्वाराहाट सुनील कुमार राज ने कहा कि मेले के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। बैठक में पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, हेम रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सचिव नारायण सिंह रावत ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

