रुड़की,23 मार्च (आरएनएस)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लक्सर में सोमवार तीन दिवसीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस मौके पर भाषण, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और मंचीय अभिव्यक्ति की क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने छात्रों को उत्साहपूर्वक सहभागिता करने एवं अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। रंगोली प्रतियोगिता में अंशु (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, आकांक्षा (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान तथा शालू (एमए चतुर्थ सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि कामना (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में सलोनी (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, सामनी (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान तथा रिजा (बीए द्वितीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में राखी (बीए चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, सौरभ (एमए द्वितीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान तथा रिया (बीए षष्ठम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक स्नेहलता द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। जिनमें डॉ. मनोज कुमार, शरद कुमार त्रिपाठी, डॉ. प्रीति शर्मा, डॉ. कनुप्रिया, डॉ. गजेंद्र सिंह, डॉ. मीनाक्षी कश्यप, डॉ. दीक्षित कुमार, डॉ. विवेकानंद भट्ट, डॉ. रुचिका कटियार एवं श्रीमती राखी भट्ट उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

