उत्तरकाशी,23 मार्च (आरएनएस)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने वेतन विसंगति दूर करने, डिप्लोमा इंजीनियर्स की पदोन्नति के लिए समानातंर व्यवस्था सहित 27 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। साथ मांगों का निस्तारण न होने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया। सोमवार को बड़ी संख्या में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के सदस्य संघ भवन में एकत्रित हुए। वहां उन्होंने अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर धरना शुरू किया। संघ के उपाध्यक्ष दरबान सिंह सरियाल ने कहा कि संघ लंबे समय से वेतन विसंगति दूर करने, 10, 16 और 26 वर्षों में एसीपी का लाभ, डिप्लोमा इंजीनियर्स की पदोन्नति के लिए समानान्तर व्यवस्था, पुरानी पेंशन बहाली, सहायक अभियंताओं के वित्तीय अधिकार बढ़ाने, विभागों में कनिष्ठ अभियन्ता, मेट, बेलदार आदि खाली पड़े पदों को भरने सहित 27 सूत्रीय मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों की अनदेखी कर रही है। इस मौके पर लोकेंद्र बिष्ट, दरबान सिंह सरियाल, प्रदीप मटूड़ा, संदीप भट्ट, राखी खंडूड़ी, अरुण नौटियाल, सोनम मटूड़ा, आराधना, शिवराज रावत, उमा राणा, वासुदेव नौटियाल, बबीता शाह, आशीष राणा, प्रिया चौहान, अरुण नौटियाल, उमा राणा आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

