-दिल्ली के रामलीला मैदान में 4 अप्रैल को होगी रैली
अयोध्या 23 मार्च (आरएनएस)। टेट के विरोध में अयोध्या से एक हजार शिक्षक दिल्ली जाएंगे।ऐतिहासिक रैली के द्वारा केंद्र सरकार को अपनी ताकत का एहसास करायेंगे शिक्षक। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आगामी 4 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली की तैयारी के बाबत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ-अयोध्या की एक बैठक प्रांतीय ऑडिटर एवं जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में क्षत्रिय बोर्डिंग हाउस में संपन्न हुई,जिसका संचालन जिलामंत्री चक्रवर्ती सिंह ने किया। जिला कार्यसमिति एवं ब्लॉक इकाईयों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों ने तत्समय बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा निर्धारित अर्हताएं पूरी करने के पश्चात सेवारत हुए हैं। इसलिए उन्हें टेट की परीक्षा उत्तीर्ण करने की बाध्यता का कानून न्यायोचित नहीं है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ डां दिनेश चंद्र शर्मा की अगुवाई में शिक्षक विरोधी कानून को वापस लेने हेतु आंदोलनरत है। संचालन कर रहे जिला मंत्री चक्रवर्ती सिंह ने कहा कि पूरे देश में लगभग 20 लाख शिक्षक और उत्तर प्रदेश में ही लगभग दो लाख शिक्षकों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। लगभग 15 से 20 बर्षो तक शिक्षण कर चुके शिक्षकों को उनके अनुभव को दरकिनार करते हुए टेट परीक्षा के लिए बाध्य किया जाना निराशाजनक व अपमानजनक भी है। सरकार द्वारा प्रकरण को नजरंदाज किए जाने के कारण शिक्षक सड़कों पर उतरने को मजबूर है। जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने बताया कि बैठक में प्रत्येक ब्लॉक के अध्यक्ष ,मंत्री,कोषाध्यक्ष, ब्लॉक संघर्ष समिति के अध्यक्ष और मंत्री को एक बस दिल्ली ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।ट्रेन द्वारा भी शिक्षक दिल्ली रवाना होंगे।बैठक में अजय सिंह,अविनाश पांडे, सत्येंद्र गुप्ता,अनुज सिंह, महेंद्र यादव, अरविंद पाठक,ओपी यादव,सुमित सिंह,प्रवेश कुमार, रविंद्र गौतम,उद्धवश्याम तिवारी,संजय सिंह ,राजेश कुमार,मो गयासआदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

