नईदिल्ली,24 मार्च। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने फरवरी महीने के लिए भारतीय महिला खिलाड़ी अरुंधति रेड्डी को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना है। उन्होंने पिछले महीने गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। वहीं, पुरुष वर्ग में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साहिबजादा फरहान ने ये पुरस्कार हासिल किया है। बता दें कि फरहान टी-20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
भारतीय तेज गेंदबाज रेड्डी ने पिछले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 मैचों की टी-20 सीरीज में 10.87 की औसत और 7.25 की इकॉनमी रेट से 8 विकेट लिए थे। उनका प्रदर्शन क्रमश: 4/22, 2/30 और 2/35 रहा था। उनकी बदौलत भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। रेड्डी ने प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए पाकिस्तान की फतिमा सना और श्रीलंका की हर्षिता समरविक्रमा को पीछे छोड़ा था।
रेड्डी ने इस सम्मान के बाद अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने आगे कहा, आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना जाना मेरे लिए सचमुच एक सम्मान की बात है, और यह जानकर और भी खास लगता है कि मैं ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज जीतने में अपना योगदान दे पाई। ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में हराना कभी आसान नहीं होता, जिससे यह अवॉर्ड मेरे लिए और भी ज्यादा मायने रखता है।
भले ही पाकिस्तानी टीम का इस टी-20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन हो, लेकिन उनके सलामी बल्लेबाज फरहान ने बल्ले से कमाल किया था। फरहान ने टी-20 विश्व कप 2026 में 7 मैच खेले, जिसकी 6 पारियों में 76.60 की औसत और 160.25 की स्ट्राइक रेट के साथ 383 रन बनाए। उन्होंने 2 शतक भी अपने नाम किए। उन्होंने एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।
फरवरी के प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए फरहान के अलावा इंग्लैंड के विल जैक्स और अमेरिका के वैन शल्कविक नामांकित हुए थे। बीते विश्व कप संस्करण में जैक्स ने 8 पारियों में 56.50 की औसत और 176.56 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए थे। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 21.66 की औसत से 9 विकेट लिए थे। वहीं, शल्कविक ने 4 मैचों में 7.76 की औसत के साथ 13 विकेट लिए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

