नईदिल्ली,24 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होनी है, जिसमें खूब रन बनने की उम्मीद है। पिछले कुछ सालों में आक्रामक क्रिकेट में इजाफा हुआ है। आईपीएल के इतिहास में अब तक कई ऐसे विकेटकीपर हुए हैं, जिन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से मैच में अंतर पैदा किए हैं। इस बीच उन आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जो आगामी सीजन में कमाल कर सकते हैं।
निकोलस पूरन ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से इस लीग में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह क्रीज पर आते ही बड़े शॉट्स खेलने लगते हैं और कुछ ही गेंदों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने 196.25 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। आखिरी ओवरों में वह विपक्षी गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं। आईपीएल में उनकी स्ट्राइक रेट 168.97 की रही है।
टी-20 विश्व कप 2026 में संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे। वह अपनी फॉर्म को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। पिछले सीजन में क्रक्र की ओर से सैमसन 9 ही मैचों में खेल सके थे, जिसमें 35.62 की औसत और 140.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 285 रन बनाए थे। अपने आईपीएल करियर में उन्होंने 177 मैचों में 30.94 की औसत से 4,704 रन बनाए हैं। वह आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स से खेलते हुए दिखेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ही खेलते हुए जारी रखेंगे। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने आईपीएल 2025 में 13 पारियों में 44.27 की औसत और 172.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 487 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था। अपने आईपीएल करियर में 45 पारियों में 40.00 की औसत के साथ 1,480 रन बनाए हैं।
ईशान किशन इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे। वह नियमित कप्तान सनराइजर्स हैदराबाद की गैरमौजूदगी में शुरुआती कुछ मैचों में कप्तानी करेंगे। आईपीएल 2025 में उन्होंने 13 पारियों में 35.40 की औसत और 152.58 की स्ट्राइक रेट के साथ 354 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक शामिल था।
जीटी के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्होंने 121 मैच खेले हैं, जिसमें 40.00 की औसत और 149.38 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,120 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 124 रन के साथ 7 शतक और 24 अर्धशतक लगाए हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 13 पारियों में 59.77 की औसत और 163.03 की स्ट्राइक रेट के साथ 538 रन अपने नाम किए थे।
००

