तेहरान/तेल अवीव ,24 मार्च,। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हुए हैं, लेकिन हालात अब भी सामान्य होते नहीं दिख रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा और पावर इंफ्रास्ट्रक्चर पर संभावित हमलों को पांच दिनों के लिए टालने का ऐलान किया है। ताजा घटनाक्रम में इजरायल ने दावा किया है कि ईरान की ओर से मिसाइलें दागी जा रही हैं। वहीं कुवैत ने भी ड्रोन और मिसाइल हमलों की बात कही है।
इजरायली सेना ने मंगलवार सुबह नागरिकों के लिए आपातकालीन चेतावनी जारी की। सेना के अनुसार, ईरान की तरफ से कई मिसाइलें दागी गई हैं, जिससे तनाव और बढ़ गया है। एक संक्षिप्त बयान में कहा गया कि हवाई रक्षा प्रणाली सक्रिय है और आने वाली मिसाइलों को निष्क्रिय करने की कोशिश की जा रही है। प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
उधर, एक घंटे के भीतर दूसरी बार कुवैती सेना ने बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली मिसाइल और ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है। साथ ही नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। इस बीच, ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स समाचार एजेंसी ने ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर नए हवाई हमलों की खबर दी है। एजेंसी के मुताबिक, मंगलवार तड़के दो अलग-अलग ऊर्जा स्थलों को निशाना बनाया गया, जिससे पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति और अनिश्चित हो गई है।
ये घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की समयसीमा बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमले को पांच दिनों के लिए टाल रहा है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

