दुर्ग 24 मार्च 2026(आरएनएस) दुर्ग जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शराब के लिए पैसे न मिलने पर बेटे ने ही अपने घर को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को घेर लिया और लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना थाना जामुल क्षेत्र के ग्राम खेरधा की है, जहां 22 मार्च की रात करीब 10 बजे पुनित धृतलहरे अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मां के इनकार करते ही वह आगबबूला हो गया और घर में आग लगाने की धमकी दे डाली। गुस्से में उसने सिगड़ी में कपड़ा जलाकर घर में आग लगा दी, जिससे आग तेजी से फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी भयानक थी कि घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब 2 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ। आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी पुनित धृतलहरे (30 वर्ष), निवासी ग्राम खेरधा, के खिलाफ थाना जामुल में अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 326(छ) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। 24 मार्च को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

