अवैध रूप से संचालित ‘एक्वा पाम आयलैंडÓ पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
पुलिस और राजस्व टीम ने कब्जा हटाकर तालाब को कराया खाली
फतेहपुर, बाराबंकी 24 मार्च (आरएनएस)। स्थानीय तहसील के ग्राम सैंदर में अवैध रूप से संचालित ‘एक्वा पाम आयलैंडÓ पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम के साथ पूरे परिसर को खाली करा दिया। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय की निगरानी और कोतवाल बेचू सिंह यादव की मौजूदगी में की गई। प्रशासन द्वारा पहले ही टापू पर कब्जा जमाए लोगों को दो दिन का समय दिया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022-23 में यह तालाब केवल मछली पालन के उद्देश्य से डिकोलिया गांव निवासी शिवराज रावत को पट्टे पर दिया गया था। लेकिन मछली पालन की आड़ में यहां एक अवैध टूरिस्ट स्पॉट विकसित कर लिया गया। पिछले दो वर्षों से यहां होटल, वाटर बोटिंग, पार्क और अन्य मनोरंजन सुविधाएं संचालित की जा रही थीं। बताया जा रहा है कि ‘एक्वा पाम आयलैंडÓ में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये तक की वसूली की जा रही थी। बिना किसी वैध अनुमति के यह पूरा व्यवसाय खुलेआम संचालित हो रहा था। एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने स्पष्ट किया कि सैंदर का तालाब अब भूमि प्रबंधक समिति को सौंप दिया गया है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या हस्तक्षेप पूरी तरह गैरकानूनी माना जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति यहां अवैध गतिविधि करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जिले में इस तरह के अवैध कब्जों और बिना अनुमति संचालित व्यवसायों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

