वारदात से चढ़ा सियासी पारा
बंदना भट्टाचार्य
हुगली 24 मार्च (आरएनएस)। राज्य की सीएम ममता बनर्जी खुद कई बार प्रमोटर राज के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी हैं। लेकिन इसके बाद भी आरोपों में कमी नहीं आ रही है। अब हुगली जिले के उत्तरपाड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 19 के अंतर्गत लॉरेंस स्ट्रीट इलाके में एक कथित प्रमोटर पर दिन-दहाड़े एक महिला को उसके बालों से पकड़ कर सड़क पर बांस व लोहे की रॉड से पीटने का आरोप लगा है। यह घटना सोमवार को घटी इस घटना से पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई है। घटना में महिला सहित प्रमोटर का एक आदमी के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि संपत्ति के मालिकाना हक को लेकर चल रहे एक कानूनी विवाद ही उक्त झगड़े की जड़ है। कथित पीड़त महिला, जो घर की मालकिन बताई जा रही है ने परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, तो आरोपी प्रमोटर ने उसका रास्ता रोक दिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। महिला का आरोप है कि बहस के दौरान, प्रमोटर ने अचानक उसके बाल पकड़ लिए और बांस तथा लोहे की रॉड से उस पर बार-बार वार करना शुरू कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इसके विपरीत, प्रमोटर का दावा है कि जब कानूनी मामला अभी भी लंबित है, तब महिला ने ताला तोड़कर जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश की। उसका आरोप है कि जब उसके कर्मचारियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो महिला ने उनमें से एक को रॉड से मारा, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। हालांकि, घायल महिला का कहना है कि अदालत ने उसे घर में रहने की अनुमति दी थी, इसीलिए वह वहां रहने गई थी। इस बीच, प्रमोटर और उसके साथियों द्वारा महिला और उसके परिवार पर किए गए हमले का सीसीटावी फुटेज वायरल हो गया है। घायलों को इलाज के लिए उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि, जब महिला के एक साथी ने स्थानीय पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो पुलिस ने इसे दर्ज करने से इनकार कर दिया। इस घटना के बारे में पता चलने पर, उत्तरपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से माकपा की उम्मीदवार मीनाक्षी मुखर्जी आज घायल महिला से मिलने अस्पताल गईं। उन्होंने पीडि़ता के साथ-साथ उत्तरपाड़ा पुलिस थाने के पुलिस अधिकारियों से भी बात की। इस संदर्भ में, मीनाक्षी मुखर्जी ने कहा, “यहां मुख्य मुद्दा यह नहीं है कि गलती एक पक्ष की है या दूसरे की, बल्कि एक अटल सच्चाई यह है कि दिन-दहाड़े, एक महिला को सड़क पर गिराकर इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसके शरीर से खून बहने लगा। उत्तरपाड़ा की यह घटना एक कड़वी सच्चाई है कि इस राज्य में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री लगातार यह दावा करती रहती हैं कि पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए एक ‘स्वर्गÓ है। लेकिन घटना ने व्यवस्था की पोल खोल दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

