कोलकाता 9 जून (आरएनएस)। देश की बात करे तो मानसून पहले ही केरल पहुंच चुका है और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम समेत अरुणाचल प्रदेश, असम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों को कवर कर चुका है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से मानसून को लेकर आंख-मिचौली हो रही थी। अब मानसून बंगाल में प्रवेश कर चुका है। दक्षिण पश्चिम मानसून आज उत्तर बंगाल के कई जिलों में प्रवेश कर गया है। सब कुछ ठीक रहा तो अगले चार से पांच दिनों में मानसून पूरे राज्य को अपनी गिरफ्त में ले लेगा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून बंगाल में प्रवेश कर चुका है। यह दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, सिक्किम, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार तक पहुंच गया है। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मानसून के राज्य के शेष हिस्सों में भी फैलने की संभावना है। अलीपुर मौसम कार्यालय के बुलेटिन के अनुसार, मानसून कलिम्पोंग, कूचबिहार और अलीपुरद्वार के पूरे इलाके में, साथ ही जलपाईगुड़ी के ज्यादतर हिस्सों और दार्जिलिंग के कुछ इलाकों में पहुंच गया है। आधिकारिक तौर पर, उत्तर बंगाल में मानसून के आने की तय तारीख 10 जून है। इस तारीख से चार दिन पहले या बाद में मानसून का आना सामान्य माना जाता है। इस नजरिए से देखें तो इस साल उत्तर बंगाल में मानसून समय पर आया है। राज्य के बाकी हिस्सों के साथ-साथ बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी अगले चार से पांच दिनों में मानसून के आने के लिए अनुकूल हालात बनने की उम्मीद है। जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी से बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेमी) के लिए ‘ऑरेंज अलर्टÓ जारी किया गया है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भारी बारिश (7 से 11 सेमी) होने की संभावना है। बाकी उत्तरी जि़लों में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने का अनुमान है। बुधवार को भी दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भारी बारिश की उम्मीद है। गुरुवार को जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार और उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर में भारी बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार और शनिवार को भी जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश का अनुमान है। जबकि दक्षिण बंगाल में अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं आंधी-तूफान और बारिश जारी रहेगी, कई पश्चिमी जि़लों के लिए असहज गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

