गोरखपुर 24 मार्च (आरएनएस)। गोरखपुर गीता थाना क्षेत्र मेंमें एक एयरवेज कंपनी की महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। घटना से पहले उसने व्हाट्सऐप स्टेटस पर मानसिक रूप से परेशान होने का संकेत दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।मामला एम्स थाना क्षेत्र के नंदानगर स्थित सैनिक कुंज कॉलोनी का है। यहां किराए के मकान में रहने वाली स्पाइसजेट की कर्मचारी शिवांगी वर्मा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। सोमवार सुबह मकान मालिक ने जब उनका व्हाट्सऐप स्टेटस देखा तो कमरे में जाकर जांच की, जहां वह अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उन्हें तत्काल एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।मकान मालिक ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही परिजन गोरखपुर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों के अनुसार, उन्हें ऐसी किसी समस्या की जानकारी नहीं थी जिसकी वजह से शिवांगी ने यह कदम उठाया हो। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।शिवांगी वर्मा मूल रूप से बलिया जिले के मलिकपुर गांव की निवासी थीं। वह अविवाहित थीं और पिछले दो वर्षों से स्पाइसजेट एयरवेज में सिक्योरिटी एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ बलिया ले गए।घटना के संबंध में थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। व्हाट्सऐप स्टेटस सहित सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

