लखनऊ,( आरएनएस ) 24 मार्च 2026। जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास और बीमारू राज्य से विकासशील राज्य बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है। आज उत्तर प्रदेश देश की प्रगति को गति देने वाले अग्रणी प्रदेश के रूप में उभरकर सामने आया है।मंत्री ए.के. शर्मा ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राज्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समन्वित शासन व्यवस्था के माध्यम से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का प्रभावी शासन स्थापित हुआ है, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण हुआ है और आमजन में सुरक्षा तथा विश्वास का वातावरण बना है।आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जेवर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान प्रदान करेगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए महिलाओं की भागीदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंची है। कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है और गन्ना किसानों को अभिलेखीय भुगतान किया गया है। साथ ही किसान सम्मान निधि तथा नि:शुल्क राशन जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और बड़ी संख्या में परिवार गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।जौनपुर जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 9.55 लाख किसानों को 2815 करोड़ रुपये प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से प्रदान किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 97,647 तथा नगरीय क्षेत्र में 27,542 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से 22,197 परिवार लाभान्वित हुए हैं। आयुष्मान भारत तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 9,486 जोड़ों को लाभान्वित किया गया है।उन्होंने बताया कि जनपद में 9.84 करोड़ रुपये की लागत से मां शीतला चौकिया धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों का विकास कराया जा रहा है तथा 179.79 करोड़ रुपये की लागत से नवीन जिला कारागार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ऊर्जा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए एक अतिरिक्त कार्यशाला स्थापित की जा रही है, जिससे विद्युत व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 4,55,837 तथा नगरीय क्षेत्र में 8,216 लाभार्थियों को व्यक्तिगत तथा सामुदायिक शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त 1,734 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और आने वाले समय में यह विकास और अधिक गति प्राप्त करेगा। इस अवसर पर विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशु, जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक कुमार अनुपम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

