लखनऊ,( आरएनएस ) 24 मार्च 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की उपस्थिति में ऐतिहासिक शाही किले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों नवयुगलों का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं सांस्कृतिक विधि-विधान के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से परिपूर्ण हो गया। जिला समाज कल्याण विभाग के अनुसार इस आयोजन में लगभग 623 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिनमें मुस्लिम समुदाय के 11 जोड़े भी शामिल रहे, जिनका निकाह मुस्लिम परंपरा के अनुसार कराया गया।इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होता है तथा समाज में समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है।मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि इस आयोजन में सभी धर्मों एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए विवाह संपन्न कराए जाते हैं। हिंदू परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराया जाता है, वहीं मुस्लिम समुदाय के लिए विधिवत निकाह की व्यवस्था की जाती है, जो सामाजिक सद्भाव की सुंदर मिसाल प्रस्तुत करती है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण तथा आमजन उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

